शिवगढ़ प्रेस , – दुर्ग जिले के नंदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कांवड़ यात्रा में शामिल होकर ग्राम जेवरा से कोड़िया स्थित प्राचीन शिव मंदिर जा रही महिला को एक युवक ने रास्ते में रोककर बैटरी में इस्तेमाल होने वाले केमिकल से हमला कर दिया। महिला के साथ चल रहे उसके 11 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे पर भी केमिकल के छींटे पड़ गए। महिला की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जबकि दोनों बच्चों को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कांवड़ यात्रा के बीच अचानक पहुंचा आरोपी
एएसपी मणि शंकर चंद्रा के मुताबिक, 17 अगस्त को दुर्ग से धमधा मार्ग पर ग्राम जेवरा से कोड़िया स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली जा रही थी। करंजा भिलाई निवासी पीड़िता भी अपने 11 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे के साथ परिचित महिलाओं की टोली में यात्रा में शामिल थी।

पीड़ित महिला
दोपहर करीब 12:15 बजे यात्रा ग्राम रवेली और अरसनारा के बीच एक बंद पड़े खंडहर मिल के पास ही पहुंची। यहां महिलाओं की टोली सड़क किनारे फूल तोड़ने के लिए कुछ देर रुकी। पीड़िता अपने दोनों बच्चों के साथ सड़क पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास बैरागी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा।
बातचीत बंद करने की नाराजगी में हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने महिला को निशाना बनाया। आरोपी अपने साथ पेंट के टिन डिब्बे में बैटरी में इस्तेमाल होने वाला केमिकल लेकर पहुंचा था।

मौके पर पड़ा हुआ एसिड से जला गमछा
आरोपी ने अचानक महिला के ऊपर केमिकल छिड़क दिया। हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान महिला के पास मौजूद दोनों बच्चों पर भी केमिकल के छींटे पड़े। कुछ ही पल में कांवड़ यात्रा का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।
महिला गंभीर, दोनों बच्चे अस्पताल में भर्ती
केमिकल हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं 11 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे को भी उपचार की जरूरत पड़ी। दोनों बच्चों को शंकराचार्य हॉस्पिटल, जुनवानी में भर्ती कराया गया है।

इलाज के दौरान पीड़ित महिला
परिजनों के मुताबिक परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मजदूरी कर जीवनयापन करता है। महिला और दोनों बच्चों के उपचार का खर्च परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
CCTV में कैद हुई आरोपी की गतिविधि
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण आधार दिया। फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज समेत घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच शुरू की।
थाना नंदिनी नगर पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 271/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
मुखबिर की सूचना ने पहुंचाया आरोपी तक
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम करंजा भिलाई में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी महेश दास बैरागी को पकड़ लिया। पुलिस ने पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया। इसके अलावा केमिकल युक्त एक डिब्बा भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी महेश दास बैरागी
आरोपी की पहचान महेश दास बैरागी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम करंजा भिलाई, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
18 अगस्त को गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड
एएसपी मणि शंकर चंद्रा के अनुसार आरोपी को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
जेठ बोले—इलाज का खर्च उठाना मुश्किल
घायल महिला के रिश्ते में जेठ खिलावन निषाद ने प्रशासन से परिवार की मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार गरीब मजदूर वर्ग से है और महिला तथा दोनों बच्चों के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है।
परिजनों ने प्रशासन से घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं घायल महिला और दोनों बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है।

***************************************************************
















Comments