शिवगढ़ प्रेस : दुर्ग : दुर्ग :- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की घोषणा तिथि 09 अक्टूबर से संपूर्ण जिले में आदर्श आचरण प्रभावशील है। 17 नवंबर को जिले में मतदान संपन्न हो चुका है। इसके साथ ही दुर्ग जिले के 6 विधान सभा दुर्ग ग्रामीण , दुर्ग शहर , भिलाई नगर , पाटन , अहिवारा , वैशाली नगर की सीटों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कुल 112 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद है जो कि श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज जुनवानी भिलाई में थ्री लेयर सुरक्षा के बीच महफूज रखा गया है ।
जिसकी गिनती का कार्य 3 दिसंबर को श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज जुनवानी भिलाई में ही प्रातः 8 बजे से किया जाएगा। भवन के भूतल में एवं प्रथम तल में सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना का कार्य संपन्न होना है।
विधानसभावार सभी 6 विधान सभा के लिए 14 टेबल में मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक टेबल में एक सुपरवाईजर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, गणना सहायक और माईक्रोआब्जर्वर होंगे। डाक मतपत्र को दो वर्गो में बांटा गया है, इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट एवं साधरण डाक मतपत्र। दोनों की गणना के लिए अलग गणना पर्यवेक्षक और गणना सहायक होंगे।

मतगणना स्थल में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं सहयोगी अधिकारी कर्मचारी नियुक्त किये गए है।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने दण्ड प्रक्रिया संहिता के तहत जरूरी दण्डात्मक आदेश पारित किया है। जिस के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति घातक अस्त्र-शस्त्र , हथियार तथा विस्फोटक सामग्री लेकर सार्वजनिक स्थलों में लेकर नहीं जा सकते। मतगणना दिवस को मतगणना समाप्ति तक मतगणना केंद्र श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कालेज, जुनवानी भिलाई के चारों ओर 300 मीटर की परिधि तक उक्त अवैधानिक कृत्य प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना दिवस को मतगणना केन्द्र के 300 मीटर की परिधि के भीतर मोबाईल व फोन ले जाना एवं इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही 3 दिसंबर को शुष्क दिवस भी घोषित किया गया है।

जिला उप निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे ने शिवगढ़ प्रेस को बताया कि कल बीजेपी के नेताओ ने डाक मत पत्र की सुरक्षा को नाकाफी बताते हुए असंतोष जाहिर किया था जिस पर तत्काल एक्शन लेते हुए डाक मत पत्र की सुरक्षा को तुरंत सीसीटीवी की निगरानी के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल से लेस कर दिया गया है।
बजरंग दुबे , उप निर्वाचन अधिकारी, दुर्ग
















Comments