शिवप्रेस – दुर्ग , – दुर्ग जिला चिकित्सालय के मातृत्व एवं शिशु विभाग के तृतीय तल पर “एक पौधा बेटी के नाम” अभियान के तहत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नवजात बच्चियों के जन्म की खुशी को यादगार बनाने के लिए 10 माताओं को पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए।
बेटियों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर ने यह पहल करते हुए कहा कि बेटी का जन्म परिवार और समाज के लिए गर्व का विषय है। पौधा भेंट कर बेटियों के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इसे समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने वाली सराहनीय पहल बताया।
अस्पताल प्रबंधन और सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज, गायनिक विभाग प्रमुख डॉ. बी.आर. साहू, मेट्रन सी. बोरकर, सिस्टर शाहनी चेरियन, दुर्ग जिला करनी सेना अध्यक्ष नीलू सिंह, ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर, सत्य साईं सेवा समिति के आर.के. तिवारी, संजय कानखोजे तथा जीवन दीप समिति के मानद सदस्य प्रशांत डोंगांवकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समाज को सकारात्मक संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के प्रति सम्मान, उनके उज्ज्वल भविष्य और पर्यावरण संरक्षण का संयुक्त संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने ऐसी पहल को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
******************************************************************



















Comments