शिवगढ़ प्रेस , – रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक), रायपुर के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने के लिए गठित कमेटी में बदलाव किया गया है। पंजीयक सहकारी संस्थाएं रमेश कुमार शर्मा ने केदार नाथ गुप्ता को अध्यक्ष और जगदलपुर निवासी शिव नारायण पाण्डेय को उपाध्यक्ष नामांकित किया है। इस संबंध में 2 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। नई कमेटी अगले आदेश तक अपेक्स बैंक के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करेगी।
केदार नाथ गुप्ता अध्यक्ष बने रहेंगे
पंजीयक सहकारी संस्थाएं के कार्यालयीन आदेश के अनुसार, 21 मई 2025 को जारी आदेश के तहत केदार नाथ गुप्ता को अपेक्स बैंक के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करने के लिए प्राधिकृत किया गया था। अब पुराने आदेश में संशोधन करते हुए अशासकीय व्यक्तियों की कमेटी गठित की गई है। इसमें केदार नाथ गुप्ता को अध्यक्ष और शिव नारायण पाण्डेय को उपाध्यक्ष नामांकित किया गया है।
छानबीन समिति की अनुशंसा पर फैसला
छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 की धारा 49 (8) और छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी नियम 1962 के नियम 43-ख के उपनियम (3) के तहत गठित छानबीन समिति की बैठक 2 नवंबर 2026 को हुई थी। बैठक में शिव नारायण पाण्डेय को सदस्य नामांकित किए जाने की अनुशंसा की गई। इसी अनुशंसा के आधार पर पंजीयक ने कमेटी में उन्हें उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
अगले आदेश तक कमेटी करेगी बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग
जारी आदेश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम 1960 की धारा 49 (8) के तहत गठित कमेटी आगामी आदेश तक अपेक्स बैंक के बोर्ड की शक्तियों का प्रयोग करेगी। कमेटी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामांकन के साथ पूर्व में जारी आदेश में संशोधन किया गया है।
जगदलपुर के निवासी हैं शिव नारायण पाण्डेय
आदेश में शिव नारायण पाण्डेय का पता जगदलपुर के शिव मंदिर वार्ड का दर्ज है। अपेक्स बैंक की कमेटी में उपाध्यक्ष के रूप में नामांकन के बाद सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
*****************************************************************

















Comments