शिवगढ़ प्रेस / दुर्ग , – दुर्ग पुलिस ने बीते दिनों तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में सक्रियता दिखाते हुए जिले में झपटमारी, चोरी और अवैध शराब बिक्री में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है और लोगों में पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
पहली कार्रवाई – झपटमारी के आरोपी गिरफ्तार
भिलाई-3 निवासी कृष्णा दास मानिकपुरी ने 10 अगस्त की रात थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नंदिनी रोड छावनी के पास ऑटो का इंतजार कर रहे समय बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें लिफ्ट देने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर झपटमारी की। आरोपियों ने उनसे चांदी की चैन, ब्रेसलेट और पुरानी घड़ी मिलाकर करीब 5 हजार रुपये का सामान छीन लिया। जामुल पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की। मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने खुर्सीपार निवासी एस. अमन और एस. थामस को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया सामान बरामद किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दूसरी कार्रवाई – अवैध शराब के खिलाफ दबिश
अवैध शराब बिक्री की सूचना पर दुर्ग पुलिस ने पुलगांव पुल के नीचे शिव मंदिर क्षेत्र में घेराबंदी की। मौके से अमन उर्फ यमन गोंड़ (निवासी गंजपारा, दुर्ग) को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी शोले मसाला शराब (कुल मात्रा 5.760 लीटर) और बिक्री की रकम 150 रुपये समेत कुल 3350 रुपये जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
तीसरी कार्रवाई – एक्टिवा चोरी का आरोपी दबोचा
थाना सुपेला क्षेत्र में रहने वाले सईद खान ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी एक्टिवा स्कूटी घर के सामने से चोरी हो गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पीड़ित से फोन कर 6 हजार रुपये की मांग की और स्कूटी लौटाने की बात कही। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आदित्य बाग उर्फ आदि (निवासी रायपुर, हाल स्मृति नगर, दुर्ग) को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की एक्टिवा, मोबाइल और धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुपेला पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।



















Comments