शिवगढ़ प्रेस । दुर्ग, – दुर्ग के मीनाक्षी नगर स्थित केसरी नंदन हनुमान मंदिर परिसर में 10 एवं 11 जनवरी को आयोजित दो दिवसीय गायत्री यज्ञ आध्यात्मिक ऊर्जा, संस्कार और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देकर सम्पन्न हुआ। प्रज्ञा टोली बालोद के सान्निध्य में संपन्न इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
प्रथम दिवस : कलश यात्रा, दीप यज्ञ और भजन संध्या
कार्यक्रम के प्रथम दिवस की शुरुआत श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण कलश यात्रा के साथ हुई। सायंकाल दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। रात्रि में प्रज्ञा टोली द्वारा भजन एवं विचार क्रांति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को आत्मचिंतन और संस्कारों से जोड़ दिया। प्रज्ञा टोली का नेतृत्व चम्पेश्वर साहू, प्रांतीय सह संयोजक ने किया।

द्वितीय दिवस : संस्कारों का आयोजन और विशाल यज्ञ
द्वितीय दिवस प्रातः प्रेरणादायी गीतों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात विद्यारंभ संस्कार, पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार एवं दीक्षा संस्कार संपन्न कराए गए। इन संस्कारों में बड़ी संख्या में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की सहभागिता रही, जो सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों की मजबूती का प्रतीक बनी।
दोपहर में आयोजित यज्ञ में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए चार पालियों में हवन संपन्न कराया गया, जिससे हर भक्त को यज्ञ में आहुति देने का अवसर मिल सका।

जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, युग परिवर्तन का संकेत
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल सपत्नीक शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए समर्पण मानस महिला मंडल की महिलाओं को बधाई दी। बढ़ती जनभागीदारी को उन्होंने “युग परिवर्तन का संकेत” बताया। इस अवसर पर जिला साहू समाज के अध्यक्ष नंदलाल साहू भी उपस्थित रहे।

सम्मान, भंडारा और आयोजन की सफलता
कार्यक्रम के समापन पर प्रज्ञा टोली के सभी सदस्यों का श्रीफल एवं वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन किरण वर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समर्पण मानस महिला मंडल की दुलारी वर्मा, महेश्वरी साहू, अनुसुइया वर्मा, नलिनी सोनी, मंजू मेहता, रजनी वर्मा, कश्मीरी चौरसिया, सुशीला नायक, तुलसी वर्मा, सुधा सोनी, गिरिजा साहू, अमिता नाग सहित बड़ी संख्या में मोहल्लावासियों ने सक्रिय योगदान दिया।
**************************************************************



















Comments