शिवगढ़ प्रेस, – दुर्ग/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा सांसद बनने पर कूर्मि क्षत्रिय समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसे लंबे समय से समाज सेवा और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का सम्मान बताया है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज के प्रदेशाध्यक्ष एवं दुर्ग सांसद विजय बघेल ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सांसद बनने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उनके लगभग तीन दशक के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में किए गए समर्पित कार्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी वर्मा ने पार्षद से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए जनता की सेवा की है।
विजय बघेल ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर उन्होंने संगठन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए नामांकित किया जाना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे कूर्मि समाज के लिए गर्व का विषय है। समाज को उम्मीद है कि वे संसद के उच्च सदन में प्रदेश और समाज की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगी।
प्रदेशाध्यक्ष विजय बघेल ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए नामांकित करने पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा पहुंचने से छत्तीसगढ़ में कूर्मि समाज की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को नई मजबूती मिलेगी। समाज के लोगों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से संसद में उठाएंगी।
******************************************************************


















Comments