शिवगढ़ प्रेस / दुर्ग , – भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ दुर्ग जिला इकाई का वार्षिक अधिवेशन एवं दीपावली मिलन समारोह रविवार को दुर्ग में मीनाक्षी नगर के श्री केसरी नंदन हनुमान मंदिर परिसर में धूमधाम से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दंडीस्वामी डॉ. इंदुभवानंद जी महाराज (प्रमुख, श्री शंकराचार्य आश्रम, बोरियाकला रायपुर) ने ‘मनुष्य जीवन की सार्थकता’ विषय पर उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भारतभूमि में जन्म लेना अत्यंत सौभाग्य का विषय है।
“आदि पुरुष मनु के वंशज होने के कारण हम मनुष्य कहलाते हैं। जो मनु को अपशब्द कहता है, वह स्वयं को ही अपशब्द कहता है।”

उन्होंने आगे कहा कि पृथ्वी पर यदि कोई भूमि सबसे पवित्र मानी गई है, तो वह भारतभूमि है और यहां जन्म उन्हीं को मिलता है जिन्होंने पूर्व जन्मों में श्रेष्ठ कर्म किए हों।
उन्होंने उपस्थित लोगों से घर, समाज और परिवार में नारी, गुरु और बड़ों के सम्मान का संदेश दिया और कहा कि इन्हीं से जीवन में सद्गति मिलती है।
मार्गशीर्ष मास और उत्पन्ना एकादशी के पावन दिन पर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को उन्होंने अत्यंत पुण्यकारी अवसर बताया।
दूसरा सत्र: मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बॉल पासिंग, रिंग टार्गेट, स्पून रन और हाऊजी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
महिला वर्ग की प्रभारी थीं — पुष्पा साव, किरण वर्मा और मधु गजपाल,
जबकि पुरुष वर्ग की जिम्मेदारी — चित्रसेन चंद्राकर, जी. पी. यदु और शीतल प्रसाद साहू ने निभाई।
तीसरा सत्र: वार्षिक प्रतिवेदन, सम्मान और पुरस्कार वितरण
तृतीय सत्र में मुख्य अतिथि थे प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव। अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष बी.के. वर्मा ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल गोल्हानी (प्रदेश महामंत्री) उपस्थित रहे।
जिला इकाई अध्यक्ष बी.के. वर्मा ने स्वागत भाषण एवं आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जबकि वार्षिक प्रतिवेदन महामंत्री पी.आर. साहू ने पढ़ा।

कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही संगठन के तीन सदस्यों — भूषण लाल वर्मा, ए.के. कनेरिया और विजयकांत दादर — जिन्होंने मृत्युपरांत देहदान का संकल्प लिया है, को शाल और श्रीफल से सम्मानित किया गया।
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा (अहिवारा) और पूर्व विधायक अरुण वोरा (दुर्ग) ने भी कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पेंशनरों को बधाई दी।
चौथा सत्र: जिला अध्यक्ष का निर्वाचन
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में जिला अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ। निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता दिनेश वर्मा तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी डी.पी. दिल्लीवार की देखरेख में प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
कुल तीन नामांकन प्राप्त हुए, और तीनों एक ही व्यक्ति के पक्ष में होने से बी.के. वर्मा को निर्विरोध जिला अध्यक्ष घोषित किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, कोषाध्यक्ष बी.एस. दसमेर, रायपुर संभाग अध्यक्ष प्रवीण त्रिवेदी, रायपुर जिला इकाई अध्यक्ष आर.जी. बोहरे सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। समर्पण मानस महिला मंडल की महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल रहीं।
*****************************************************************



















Comments