शिवगढ़ प्रेस, – दुर्ग शहर के 500 बेड वाले जिला चिकित्सालय में ट्रामा सेंटर संचालन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। जिला अस्पताल में रोजाना 1000 से अधिक मरीजों का उपचार होता है। स्थानीय मरीजों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में गंभीर रोगी यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन संसाधनों और विशेषज्ञों की कमी के कारण चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ की कमी बनी बड़ी चुनौती
ज्ञापन में बताया गया है कि अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, डर्मेटोलॉजी और रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में वार्ड बॉय, स्टाफ नर्स, ड्रेसर, वाहन चालक और रेडियोग्राफर की भी नितांत आवश्यकता है। वर्तमान में कार्यरत डॉक्टर और कर्मचारी पुराने सेटअप के अनुसार काम कर रहे हैं, जब अस्पताल में 250-300 बेड और 450-500 मरीजों की व्यवस्था थी।
रेफर मामलों में बढ़ोतरी, मरीजों को हो रही परेशानी
बढ़ते मरीज भार और सीमित संसाधनों के कारण गंभीर मामलों को अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है। इससे मरीजों और परिजनों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क दुर्घटनाओं और आकस्मिक स्थितियों में तत्काल उपचार के अभाव में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
ट्रामा सेंटर से मिलेगी राहत
ज्ञापन में ट्रामा सेंटर के शीघ्र संचालन की मांग करते हुए कहा गया है कि इससे दुर्घटना और आपातकालीन मामलों में त्वरित उपचार संभव होगा तथा कई गंभीर बीमारियों में समय पर इलाज मिल सकेगा।
यह ज्ञापन जिला चिकित्सालय की जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर, सहयोगी सीताराम ठाकुर एवं नीलकंठ गढ़े द्वारा प्रस्तुत किया गया। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय, रायपुर को अग्रेषित कर दिया गया है।
******************************************************************



















Comments