शिवगढ़ प्रेस , – बालोद जिले के ग्राम देवरी (ख) में आयोजित दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय अधिवेशन के द्वितीय दिवस उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर मात्र 10 सेकंड की तेज हवा ने पूरे पंडाल को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज झोंके के कारण पंडाल करीब 5 फीट तक ऊपर उठ गया और उसे सहारा दे रहे कई लोहे के पाइप टूटकर गिर पड़े। घटना के दौरान पंडाल के भीतर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे कुछ क्षणों के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

हालांकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और सभी लोगों को सुरक्षित पंडाल से बाहर निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक आई इस तेज हवा ने आयोजन समिति और उपस्थित लोगों को हैरानी में डाल दिया।
सुबह उत्साह के साथ शुरू हुआ था दूसरा दिन
अधिवेशन के द्वितीय दिवस की शुरुआत सुबह धार्मिक और सामाजिक उत्साह के साथ हुई। सुबह कलश यात्रा और मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद सुबह 10 बजे मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत समाज के पुरोधाओं के चित्रों पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत बालोद के अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, प्रसिद्ध नाड़ी वैद्य गुरुदेव वीरेंद्र देशमुख, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन और जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
दोपहर बाद 10 सेकंड में बिगड़े हालात
मंचीय कार्यक्रम अपने चरम पर था कि तभी अचानक तेज हवा चली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हवा इतनी तीव्र थी कि पंडाल के पाइप उखड़ गए और पूरा ढांचा हिलने लगा। देखते ही देखते पंडाल हवा में उठता नजर आया। इस अप्रत्याशित घटना से कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा और सुरक्षा को देखते हुए पूरे आयोजन को तत्काल स्थगित कर दिया गया।

तेज हवा से पंडाल को हुए नुकसान के कारण न केवल दोपहर का कार्यक्रम बल्कि रात्रि में प्रस्तावित “रंग झरोखा” सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित करना पड़ा। आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम अब रविवार रात्रि को आयोजित किया जाएगा।
सिर्फ पंडाल में चली हवा, लोग रह गए हैरान
घटना को लेकर सबसे अधिक आश्चर्यजनक बात यह रही कि तेज हवा केवल पंडाल के भीतर ही महसूस की गई। पंडाल के बाहर मौजूद लोगों का कहना है कि आसपास कहीं भी तेज हवा नहीं चली। पास स्थित भोजनालय में मौजूद लोगों ने भी पंडाल को ऊपर उठते देखा, लेकिन हवा का झोंका उन्हें महसूस नहीं हुआ। 10 सेकंड के भीतर ही हवा शांत हो गई। इस रहस्यमय घटनाक्रम को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
रविवार के मुख्य कार्यक्रम के लिए देर शाम तक चला सुधार कार्य
तेज हवा शांत होते ही समाज के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और पंडाल संचालक तुरंत पंडाल को दुरुस्त करने में जुट गए। रविवार को अधिवेशन का मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसे लेकर आयोजन समिति किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ना चाहती। टूटे पाइप बदले गए और पंडाल को अधिक मजबूत बनाने का कार्य देर शाम तक जारी रहा।
वक्ताओं ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
प्रथम पहर के कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकता और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने कहा कि “एकता में ही शक्ति है। समाज का कर्ज कोई नहीं चुका सकता, लेकिन हम सब मिलकर समाज को मजबूत बना सकते हैं।”
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कुर्मी समाज को शिक्षित और मेहनतकश बताते हुए कहा कि यह समाज अन्य समाजों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने समाज के सर्वांगीण विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए समाजहित में कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने की बात कही और महिला समिति के प्रयासों की सराहना की।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष महिला समिति प्रीती देशमुख, युवा समिति अध्यक्ष हेमंत देशमुख, कोषाध्यक्ष दिलीप देशमुख, महामंत्री ललित देशमुख, सहायक मंत्री चुम्मन देशमुख, कार्यालय मंत्री किशन देशमुख सहित केंद्रीय, सर्किल, महिला एवं नवयुवक समितियों के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। उनकी सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समाज का मनोबल मजबूत है और अधिवेशन का उद्देश्य पूरी मजबूती से आगे बढ़ेगा।
*****************************************************************















Comments