शिवगढ़ प्रेस । दुर्ग
दुर्ग जिले में मोहन नगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को सीमा सुरक्षा बल (BSF) का कर्मचारी बताकर घूम रहा था। आरोपी के पास से बीएसएफ का फर्जी पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और एक डिजायर कार जब्त की गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा
शनिवार 20 दिसंबर 2025 को मोहन नगर थाना पुलिस पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान ग्रीन चौक, दुर्ग में एक डिजायर कार क्रमांक CG 07 CR 9095 को रोका गया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सिमरनजीत सिंह बताया और स्वयं को बीएसएफ में पदस्थ कर्मचारी बताया। आरोपी ने पुलिस को बीएसएफ का पहचान पत्र भी दिखाया।
संदेह बढ़ने पर कड़ी पूछताछ
पुलिस को आरोपी के हावभाव और जवाबों में विरोधाभास नजर आया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। तत्पश्चात पुलिस द्वारा बीएसएफ कार्यालय से संपर्क कर जानकारी ली गई, जहां स्पष्ट किया गया कि इस नाम का कोई भी व्यक्ति बीएसएफ में कार्यरत नहीं है।
फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था आरोपी
बीएसएफ कार्यालय से पुष्टि के बाद यह साफ हो गया कि आरोपी लोक सेवक का प्रतिरूपण कर फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर रहा था। आरोपी द्वारा बनाया गया बीएसएफ का आई कार्ड पूरी तरह कूटरचित पाया गया। इसके बाद मोहन नगर थाना में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 735/2025 के तहत धारा 204, 319(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी सिमरनजीत सिंह पिता स्व. कुलवंत सिंह, उम्र 31 वर्ष निवासी सुंदर नगर मीरा कोट चौक, एयरपोर्ट रोड, जिला अमृतसर (पंजाब), हाल निवासी सिंधिया नगर सेंगर हाउस, दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले कहां-कहां और किस उद्देश्य से फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किया जब्त —
डिजायर कार क्रमांक CG 07 CR 9095 , बीएसएफ का फर्जी पहचान पत्र , ड्राइविंग लाइसेंस जप्त किया गया है।



















Comments