शिवगढ़ प्रेस , – दुर्ग जिले के नगपुरा गांव में 17 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इस धार्मिक आयोजन में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा कर पैदल कथा स्थल तक पहुंचें। यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारू रखने के उद्देश्य से बनाई गई है।
रायपुर, भिलाई और चरोदा की ओर से आने वाले वाहन
रायपुर, चरोदा, भिलाई और चीखली की ओर से आने वाले श्रद्धालु कुम्हारी से गुरुद्वारा चौक होते हुए आरोग्यम हॉस्पिटल के नीचे बायपास मार्ग से धमधा रोड, चिखली चौक, बाजार चौक नगपुरा पहुंचेंगे। इसके बाद बिजली सब स्टेशन के आगे निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे।
बेमेतरा, धमधा और दुर्ग शहर से आने वाले श्रद्धालु
बेमेतरा व धमधा की ओर से आने वाले वाहन बेमेतरा-धमधा-चिखली चौक-बाजार चौक नगपुरा मार्ग से पार्किंग तक पहुंचेंगे। वहीं दुर्ग शहर से आने वाले श्रद्धालु गंजपारा तिराहा, नयापारा, कोटनी होते हुए नगपुरा बाजार चौक पहुंचेंगे और निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे।
राजनांदगांव, खैरागढ़ और बालोद की ओर से आने वाले मार्ग
राजनांदगांव, पटेवा और घुमका की ओर से आने वाले वाहन बोरई मार्ग से डी.के. फर्नीचर के पीछे पार्किंग में खड़े होंगे। खैरागढ़ और जालबांधा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगपुरा चौक से पहले दाहिनी ओर पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं बालोद और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन महमरा मोड़, रसमड़ा रेलवे अंडर ब्रिज, गानियरी होते हुए नगपुरा चौकी के पीछे पार्किंग में पहुंचेंगे।
VVIP वाहनों और भारी वाहनों के लिए विशेष निर्देश
सभी VVIP वाहन बायपास मार्ग से पिपरछेड़ी होते हुए नगपुरा चौकी के बाद बाएं कटिंग से कथा स्थल के पीछे बनी पार्किंग में प्रवेश करेंगे। शिव महापुराण कथा के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों के लिए गानियरी, बोरई, शनि मंदिर नगपुरा, शिवनाथ नदी से पहले कोटनी और चीखली चौक की ओर डायवर्जन तय किया गया है।
सुरक्षा और व्यवस्था सर्वोपरि
यातायात पुलिस दुर्ग ने स्पष्ट किया है कि यह संपूर्ण व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए की गई है। नियमों का पालन कर श्रद्धालु न केवल स्वयं सुरक्षित रहेंगे, बल्कि आयोजन को भी सफल बनाने में सहयोग करेंगे।
*************************************************************



















Comments