शिवगढ़ प्रेस, – दुर्ग जिले में पुलिस बल की सुविधाओं और अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बुधवार को माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय ने जिले में नवनिर्मित पुलिस भवनों एवं आवासों का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से पूर्ण किया गया है।

इन भवनों का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख भवनों का उद्घाटन किया गया, उनमें नई पुलिस लाइन दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों एवं 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के आवास गृह शामिल हैं। इसके साथ ही दुर्ग में नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल, थाना पद्मनाभपुर, थाना पुलगांव तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय धमधा का भी वर्चुअल लोकार्पण किया गया।

पुलिस परिवारों की सुविधाओं पर सरकार का फोकस
इस अवसर पर उपस्थित माननीय शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन गजेन्द्र यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल और उनके परिवारों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पुलिस परिवारों की मांग के अनुरूप सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण, हाईमास्ट लाइट की स्थापना तथा पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराए जाने का आश्वासन भी दिया।

आवास से बढ़ेगी कार्यक्षमता और जीवन स्तर
जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह ने कहा कि जब आम नागरिक रात्रि में विश्राम करते हैं, तब पुलिस बल समाज की सुरक्षा के लिए सतत ड्यूटी पर तैनात रहता है। ऐसे में पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर आवास एवं कार्यालय सुविधाएं उनकी कार्यक्षमता, मनोबल और जीवन स्तर में सकारात्मक वृद्धि करेंगी।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, वार्ड पार्षद श्रीमती लोकेश्वरी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*****************************************************************



















Comments