शिवगढ़ प्रेस , दुर्ग , – नगर की ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर और सचिव दिलीप ठाकुर को समाज कल्याण विभाग द्वारा उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा प्रदान किया गया। दोनों पदाधिकारियों ने विगत कई वर्षों से पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र रोग से पीड़ितों की पहचान, चश्मा वितरण तथा अन्य मानवीय कार्यों में सक्रिय योगदान दिया है।

समिति के इन प्रयासों ने वृद्धजनों को राहत और सुविधा देने के साथ-साथ समाज में सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सेवा कार्यों में निरंतरता और संवेदनशीलता के चलते उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अध्यक्ष सीताराम ठाकुर और सचिव दिलीप ठाकुर को समाज सेवा के क्षेत्र में अनेक बार सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में समिति ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र में कई पहल की हैं।

इस अवसर पर ओम सत्यम शिक्षण समिति के सदस्य, सत्य साई सेवा समिति के साई भक्त और सत्यम शिवम् सुंदरम समिति के सदस्यगण ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। समाज के विभिन्न वर्गों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
***********************************



















Comments