शिवगढ़ प्रेस, – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने योग के क्षेत्र में एक बार फिर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। धीरज ने इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराते हुए अधोमुख श्वानासन में लगातार 1 घंटा 45 मिनट तक योग कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके व्यक्तिगत संघर्ष और अनुशासन को उजागर किया, बल्कि प्रदेश के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई।
नया वर्ल्ड रिकॉर्ड किया कायम
धीरज शर्मा ने यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए तमिलनाडु के साधुराम कुमार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। साधुराम कुमार ने पहले 1 घंटा 30 मिनट तक यह आसन करके रिकॉर्ड कायम किया था। धीरज ने कठिन अभ्यास, मानसिक मजबूती और शरीर पर नियंत्रण के दम पर इसे पार कर लिया।
उपलब्धि के लिए डॉ रमन सिंह ने किया सम्मानित
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने धीरज शर्मा को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की और उन्हें योग के क्षेत्र में प्रेरणा का प्रतीक बताया।
सफलता का श्रेय दिया गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी को
धीरज शर्मा रोजाना योगाभ्यास करते हैं और उनके नेतृत्व में ग्रेस योगा एंड वेलनेस स्टूडियो के माध्यम से सैकड़ों लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन योग सीख रहे हैं। वे बताते हैं कि इस रिकॉर्ड की तैयारी के लिए उन्होंने कई महीनों तक कठोर अभ्यास किया। धीरज कहते हैं, “योग केवल शरीर का व्यायाम नहीं, यह मन और आत्मा को संतुलित करने की साधना है। इस उपलब्धि का श्रेय मैं अपने गुरु श्री श्री रविशंकर जी को देता हूं, जिन्होंने मुझे योग के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।”
धीरज ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। वे आगे भी योग के क्षेत्र में कार्य करना चाहते हैं ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। उनके अनुसार, योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
इस रिकॉर्ड ने न सिर्फ व्यक्तिगत स्तर पर धीरज शर्मा को एक नई पहचान दी है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की योग परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक अवसर भी है। क्षेत्र के लोग उन्हें प्रेरणा स्रोत मान रहे हैं और उनके प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
**************************************




















Comments