Social ActivitiesDurg DistrictDurg-Bhilai

पवार क्षत्रिय संघ स्नेह सम्मेलन 2026 : एकता, संस्कृति और भविष्य का संकल्प ; भव्य वार्षिक स्नेह सम्मेलन, सामाजिक चेतना और सम्मान का आयोजन

0

शिवगढ़ प्रेस / दुर्ग ,- मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पवार क्षत्रिय संघ भिलाई-दुर्ग (छत्तीसगढ़) की 59वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वार्षिक स्नेह सम्मेलन 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन बुधवार, 14 जनवरी 2026 को राजाभोज मंगल भवन, दीक्षित कॉलोनी, नेहरू नगर (पूर्व), भिलाई-दुर्ग में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुए इस सम्मेलन में समाज की एकता, परंपरा, शिक्षा और सामाजिक दायित्वों का सशक्त संदेश देखने को मिला।

दीप प्रज्वलन और राजाभोज को नमन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ राजाभोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह (छोटू) सहित पवार क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल चौधरी एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी मंचासीन रहे।

देश के विकास में संगठित समाज की भूमिका अहम: विजय बघेल

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के सभी वर्ग संगठित होकर सकारात्मक योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। पवार क्षत्रिय संघ की निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने सभी समाजजनों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।

पवार ज्योति पत्रिका का विमोचन, मेधावी छात्रों का सम्मान

सम्मेलन का एक विशेष आकर्षण समाज की वार्षिक पत्रिका ‘पवार ज्योति’ का विमोचन रहा, जिसका शुभारंभ सांसद विजय बघेल एवं विधायक ललित चंद्राकर ने किया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर आत्मविश्वास और गर्व स्पष्ट दिखाई दिया।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान

पवार क्षत्रिय संघ भिलाई के अध्यक्ष छोटेलाल पारधी ने स्वागत भाषण देते हुए समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त समाज, युवाओं में उद्यमिता और शिक्षा के विस्तार जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार रखते हुए समाज को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया।

शिक्षा और नैतिक मूल्यों से ही बनेगा सशक्त समाज: ताम्रध्वज साहू

पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठित समाज ही प्रगति और सशक्त भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

सम्मेलन में पवार क्षत्रिय महासभा के उपाध्यक्ष बसंत बिसेन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी महासचिव ममता राहंगडाले, संरक्षक डॉ. वाय.आर. कटरे, हरिकृष्ण बिसेन, प्रभाकर खौसी, सूरजलाल पटले, भागवत प्रसाद देशमुख, गोविंदलाल राहंगडाले, विशाल बिसेन (जिलाध्यक्ष बालाघाट), डॉ. रमेश राहंगडाले, कोमल गौतम (रायपुर अध्यक्ष) सहित छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आए समाज के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।

समाज के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों—शिक्षा, सामाजिक सेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण—में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजजनों को मंच से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह युवाओं और समाज के अन्य सदस्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।

सफल आयोजन में महिला शक्ति और युवाओं की अहम भूमिका

कार्यक्रम का संचालन मोहिंदर कटरे एवं महिला अध्यक्षा आशा शरणागत ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन की सफलता में महिला इकाई, युवा संगठन, आयोजन समिति और मीडिया की भूमिका सराहनीय रही। अंत में आयोजकों ने दुर्ग-भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, कवर्धा सहित समस्त छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आए समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
*****************************************************************

Vaibhav Chandrakar

भिलाई के युवक को एम्स में नौकरी का सपना दिखाकर 14.50 लाख की ठगी: कॉलेज दोस्त ही निकला ठग, डेढ़ साल तक चला ठगी का खेल

Previous article

गृह मंत्रालय की चेतावनी : ठगों का नया पैंतरा, ऑनलाइन रिश्तों की आड़ में साइबर ठगी , मैट्रिमोनियल-डेटिंग ऐप्स बना ठिकाना 

Next article

You may also like

Comments

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *