शिवगढ़ प्रेस।दुर्ग , – भिलाई के रिसाली नगर निगम क्षेत्र के कृष्णा टॉकीज रोड स्थित मैत्री नगर में रविवार–सोमवार की दरम्यानी रात एक बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साई ट्रेडर्स नामक पाइप और सेनेटरी की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 2 लाख 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के वक्त दुकान का सीसीटीवी कैमरा पहले से बंद था, जिससे चोरों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

रविवार को दुकान बंद, रात में दिया वारदात को अंजाम
दुकान संचालक उमाकांत यादव (पिता महावीर यादव) ने पुलिस को बताया कि वे भिलाई के रिसाली क्षेत्र में कृष्णा टॉकीज रोड स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी दुकान मैत्री नगर प्लाट नंबर-01, फेस-6 में स्थित है। रविवार 28 दिसंबर को अवकाश होने के कारण शाम करीब 5 बजे दुकान बंद कर कैश काउंटर और शटर में ताला लगाकर सभी कर्मचारी घर चले गए थे।
रात 2:20 बजे चौकीदार ने जगाया
उमाकांत यादव ने बताया कि रात करीब 2:20 बजे गली के चौकीदार बहादुर उर्फ जगदीश शर्मा उनके घर पहुंचे और घंटी बजाकर बताया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। सूचना मिलते ही वे तत्काल दुकान पहुंचे, जहां देखा कि शटर टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
लॉकर तोड़कर उड़ाई नकदी
पुलिस के पहुंचने पर दुकान के भीतर जांच की गई। जांच में सामने आया कि कैश काउंटर के एक गल्ले का लॉकर तोड़ा गया, जिसमें रखे 500 रुपये के चार बंडल, यानी करीब 2 लाख रुपये गायब थे। इसके अलावा दूसरे खंड के लॉकर से 10 और 20 रुपये के सिक्के तथा 50, 100 और 500 रुपये के नोट, करीब 25 हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए। कुल मिलाकर चोरों ने करीब 2.25 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया ।

CCTV बंद, कर्मचारी पर भी नजर
चोरी के बाद जब दुकान का सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया, तो बड़ा खुलासा हुआ। फुटेज में देखा गया कि रविवार शाम करीब 5 बजे दुकान बंद करते समय कर्मचारी निखिल लकड़ा कैमरे का बटन बंद करता नजर आ रहा है। इसके बाद पूरी रात कैमरा बंद रहा, जिससे चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इस बिंदु को भी पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
बैंक और फाइनेंस कंपनियों के कैमरे भी बंद
उमाकांत यादव ने दैनिक भास्कर को बताया कि चोरी के बाद चोर की पहचान के लिए आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, चार बैंकों और एक फाइनेंस कंपनी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन सभी जगह कैमरे बंद मिले। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बैंकों में सुरक्षा गार्ड तक तैनात नहीं थे। उनका कहना है कि यदि किसी एक कैमरे की रिकॉर्डिंग मिल जाती, तो चोर की पहचान संभव हो सकती थी।
पुलिस जांच जारी, व्यापारियों में दहशत
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शटर तोड़ने के तरीके, CCTV बंद होने और आंतरिक जानकारी के इस्तेमाल जैसे पहलुओं पर जांच कर रही है। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में डर और आक्रोश है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
********************************************************************************************************************



















Comments