CrimeChhattisgarhDurg PoliceDurg-Bhilai

भिलाई : 8 लाख इन्वेस्टमेंट के विवाद में बिजनेसमैन पर हमला , दोस्तों ने 16 लाख वसूले, फिर कर दी मारपीट

0

शिवगढ़ प्रेस।भिलाई

दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर शुरू हुआ भरोसे का रिश्ता हिंसक रूप में बदल गया। इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम संचालक मिंटू कुमार झा ने अपने पूर्व परिचित दोस्त और उसके सहयोगियों पर धोखाधड़ी, लगातार पैसों की वसूली और सरेआम जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

8 लाख का किया निवेश, बंद हो गई कंपनी

पीड़ित मिंटू कुमार झा, निवासी विश्वबैंक कॉलोनी भिलाई-3, दुर्ग में “माधव ऑटोमोबाइल” नाम से इलेक्ट्रिक स्कूटी का शोरूम संचालित करते हैं। उनकी पहचान करीब एक साल पहले एस. शिवशेखर राव (निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार) से हुई थी। बातचीत के दौरान शिवशेखर ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए किसी सुरक्षित निवेश की बात कही। इसके बाद अपने परिचित गणेश अन्ना के जरिए 8 लाख रुपए निवेश के लिए दिए गए, जिसे मिंटू ने साहस इंफ्राटेक कंपनी, बिलासपुर में लगाया।

सुरक्षा के नाम पर लिए गए 11 लाख के चेक

निवेश के समय गणेश अन्ना ने सुरक्षा के तौर पर दो चेक दिए—एक 5 लाख और दूसरा 6 लाख रुपए का, कुल 11 लाख। लेकिन कुछ समय बाद साहस इंफ्राटेक कंपनी बंद हो गई और पूरा 8 लाख रुपए डूब गया। इसके बावजूद गणेश अन्ना और शिवशेखर राव लगातार मिंटू से पैसों की मांग करने लगे।

16 लाख की वसूली, फिर भी मिलती रही धमकी 

पीड़ित का आरोप है कि दबाव और धमकी के बीच उसने किस्तों में अब तक करीब 16 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बाद भी पैसों की मांग बंद नहीं हुई, बल्कि दबाव और बढ़ता गया।

भिलाई 3 सिरसा गेट पर बुलाकर की मारपीट

घटना 23 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की है। गणेश अन्ना और शिवशेखर राव ने फोन कर मिंटू को भिलाई-3 के सिरसा गेट के पास मिलने बुलाया। मिंटू जब रायपुर से लौटते हुए वहां पहुंचा, तो दोनों के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने पैसे मांगते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

लोहे के पंच से हमला, बेहोश हुआ पीड़ित

मिंटू ने शांति से बात करने और अपने पिता को बुलाने की बात कही, जिससे आरोपी भड़क गए। गणेश अन्ना ने हाथ में पहने लोहे के पंच से मिंटू की नाक और आंख के पास वार किया, जबकि शिवशेखर राव और अन्य व्यक्ति ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से मिंटू मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

अस्पताल में इलाज, मेडिकल जांच

घटना की सूचना पर मिंटू के पिता लल्लन झा और भाई अविनाश मौके पर पहुंचे और उसे थाने लेकर गए। हालत गंभीर होने पर पुलिस ने शासकीय अस्पताल सुपेला भेजा। डॉक्टरों ने सिर की चोट का एक्स-रे और नाक की ईएनटी जांच की सलाह दी, जिसके बाद अगले दिन शासकीय अस्पताल दुर्ग में परीक्षण कराया गया। पीड़ित को आंख, नाक, सिर और कोहनी के पास चोटें आई हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला , कार्यवाही जारी 

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

**************************************************************

Vaibhav Chandrakar

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पूरी सूची के साथ , एएसपी–डीएसपी तबादले , दुर्ग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होंगे मणि शंकर चंद्रा

Previous article

दुर्ग दुष्कर्म केस : इलाज के नाम पर झाड़फूंक, फिर नर्सरी में दरिंदगी: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार , अंधविश्वास की आड़ में घिनौना अपराध

Next article

You may also like

Comments

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Crime