शिवगढ़ प्रेस । दुर्ग
दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी सहित पूरे घर को खंगाल डाला। इस घटना में सोना-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती सामान चोरी हो गया।
पटवारी के घर हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत कुमार (पिता पूनाराम), निवासी प्लाट नंबर 30, सड़क नंबर 09, सरस्वती कुंज पद्मनाभपुर, राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर गुण्डरदेही में पदस्थ हैं। 21 दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे वे अपने पैतृक ग्राम खम्हारटोला (दल्ली राजहरा) गए थे। उसी दिन शाम करीब 4:30 बजे उनकी पत्नी सोनम ने घर में ताला लगाकर मायके धनोरा चली गई थीं।
सुबह लौटने पर टूटा मिला ताला
22 दिसंबर की सुबह करीब 8 बजे जब सोनम वापस लौटीं, तो सामने गेट का ताला सुरक्षित था, लेकिन अंदर मेन गेट का ताला टूटा मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था। ऊपर के कमरे और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे।
सोना-चांदी और नकदी पर किया हाथ साफ
अलमारी की जांच करने पर पता चला कि चोर लगभग 30 ग्राम का सोने का हार, 22 ग्राम के झुमके, 10 ग्राम की अंगूठियां, बच्चों के सोने के गहने, मंगलसूत्र, सोने का सिक्का, चांदी के सिक्के, कमरबंध, पायल, बिछिया, पायजेब समेत कई कीमती जेवर ले गए। इसके अलावा केनन कंपनी का कैमरा, एटीएम कार्ड, घड़ियां, आधार-पैन कार्ड और करीब 2 लाख 20 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की रिपोर्ट पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
क्षेत्र में बढ़ी चिंता
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश है। रहवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
***************************************************************



















Comments