Durg CollectorChhattisgarhDurg District

दुर्ग कलेक्टर जनदर्शन : फूटा जनता का गुस्सा, अवैध शराब दुकान, नकली दूध फैक्ट्री और मुआवजे को लेकर 150 शिकायतें

0

शिवगढ़ प्रेस।दुर्ग

जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के अलग-अलग गांवों और शहरी इलाकों से पहुंचे नागरिकों ने खुलकर अपनी पीड़ा, मांग और शिकायतें रखीं। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वयं प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए, जो प्रशासन के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाते हैं।

ग्राम भरर में शराब दुकान का तीखा विरोध

जनदर्शन में ग्राम पंचायत भरर के ग्रामीणों ने गांव में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि आबकारी विभाग ने ग्रामसभा की अनुमति के बिना ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली। ग्रामीणों ने साफ कहा कि गांव में किसी भी कीमत पर शराब दुकान स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने इस गंभीर शिकायत पर आबकारी विभाग को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

नकली दूध फैक्ट्री से फैल रहा प्रदूषण

नगर पालिका परिषद कुम्हारी के जनप्रतिनिधियों ने वार्ड क्रमांक 10 में संचालित एक अवैध नकली दूध फैक्ट्री की शिकायत रखी। शिकायत के अनुसार फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला अपशिष्ट जोरा तालाब और खपरी नाले को प्रदूषित कर रहा है। इससे मवेशियों की मौत हो रही है और स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (भिलाई-3) को तत्काल स्थल निरीक्षण कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

भूमि अधिग्रहण और मुआवजे पर किसानों की पीड़ा

जनदर्शन में भूमि अधिग्रहण से जुड़े कई मामले सामने आए। ग्राम सेलुद के किसान बलराम वर्मा ने भारतमाला परियोजना के तहत अधिग्रहित अतिरिक्त भूमि का मुआवजा वर्गफीट के हिसाब से देने की मांग की। वहीं खरसिया-नया रायपुर रेलवे परियोजना से प्रभावित किसानों ने सर्वे प्रक्रिया में पारदर्शिता और उचित मुआवजा देने की मांग रखी। किसानों का कहना है कि उनके मकान, बोरवेल और बाड़ी का सही मूल्यांकन नहीं किया गया। कलेक्टर ने भू-अर्जन अधिकारियों को मौके पर जांच कर नियमानुसार मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर नाराजगी

स्वास्तिक नगर (वार्ड 58) के निवासियों ने पिछले 15 वर्षों से सड़क और नाली निर्माण न होने से जलभराव की गंभीर समस्या बताई। वहीं ग्राम करहीडीह (वार्ड 15) के लोगों ने मुक्तिधाम के पास अवैध रेत खनन और जर्जर स्थिति को लेकर शिकायत की। ग्राम जामगांव (एम) के किसानों ने कृषि मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की मांग रखी ताकि खेती प्रभावित न हो। इन सभी मामलों में कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्तों और तहसीलदारों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

व्यक्तिगत समस्याओं पर भी दिखी संवेदनशीलता

जनदर्शन में व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से किया गया। श्रीमती यामिनी साहू ने बिना सूचना बीपीएल राशन कार्ड से नाम काटे जाने की शिकायत की। ग्राम गोढ़ी की गायत्री टंडन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। धमधा निवासी भानुप्रताप ताम्रकार ने लंबित राजस्व प्रकरण के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया। कलेक्टर ने इन मामलों में अधिकारियों को सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को तुरंत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

******************************************************************************************************************************

Vaibhav Chandrakar

भिलाई: खुर्सीपार गेट पर सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत , अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार” , दुकान बंद कर घर लौट रहा था युवक

Previous article

भारतीय रेलवे का डिजिटल मास्टरस्ट्रोक : लॉन्च किया ऑल-इन-वन सुपर ऐप ‘रेलवन’ , एक क्लिक पर टिकट, भोजन, ट्रेन स्टेटस और शिकायत—सब कुछ एक जगह

Next article

You may also like

Comments

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *