शिवगढ़ प्रेस / दुर्ग , पद्मनाभपुर स्थित मिनी स्टेडियम में इस वर्ष पहली बार श्री दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 27 अगस्त से शुरू होकर 7 सितम्बर 2025 तक चलेगा। समिति ने श्रद्धालुओं को परिवार सहित इस धार्मिक उत्सव में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
12 दिनों तक होंगे विभिन्न आयोजन
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 7 बजे दक्षिण भारत से आए आचार्यों एवं विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण सहित श्री गणेश जी का पूजन होगा। शाम 7 बजे गणेश वंदना एवं आरती के बाद 7:15 बजे भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात रात 8 बजे से महाप्रसाद भंडारा होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में भजन संध्या एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
ऑपरेशन सिंदूर और भव्य गंगा आरती का मंचन होगा विशेष आकर्षण
इस गणेश महोत्सव का विशेष आकर्षण चलित झांकी होगी, जिसमें प्रयागराज कुंभ 2025 का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इसके अलावा “ऑपरेशन सिंदूर” एवं भव्य गंगा आरती का मंचन किया जाएगा। गंगोत्री और यमुनोत्री के पवित्र जल से निर्मित पावन नदी का प्रतीक भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।

आयोजक समिति का कहना है कि यह आयोजन पूरी तरह धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप में होगा। गणेश प्रतिमा का विसर्जन भी यहीं वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पंचगव्य विधि के साथ सम्पन्न किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों और भक्तों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है। समिति का मानना है कि इस महोत्सव से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक वातावरण भी सशक्त होगा।



















Comments